Saturday, March 1, 2014

संध्या शर्मा ......... छोटी सी अभिलाषा...



तुम .....
प्रकृति की अनुपम रचना
तुम्हारा विराट अस्तित्व
समाया है मेरे मन में
और मैं .....
रहना चाहती हूँ हरपल
रजनीगंधा से उठती
भीनी-भीनी महक सी
तुम्हारे चितवन में
चाहती हूँ सिर्फ इतना
कि मेरा हर सुख हो
तुम्हारी स्मृतियों में
और दुःख ........
केवल विस्मृतियों में................!  
संध्या शर्मा 

Thursday, February 27, 2014

दिगंबर नासवा ....... रोने से कुछ दिल का बोझ उतर जाता है !


धीरे धीरे हर सैलाब उतर जाता है 
वक्त के साथ न जाने प्यार किधर जाता है 

यूँ ना तोड़ो झटके से तुम नींदें मेरी 
आँखों से फिर सपना कोई झर जाता है 

आने जाने वालों से ये कहती सड़कें 
इस चौराहे से इक रस्ता घर जाता है 

बचपन और जवानी तो आनी जानी है 
सिर्फ़ बुढ़ापा उम्र के साथ ठहर जाता है 

सीमा के उस पार भी माएँ रोती होंगी 
बेटा होता है जो सैनिक मर जाता है 

अपने से ज़्यादा रहता हूँ तेरे बस में 
चलता है ये साया जिस्म जिधर जाता है 

सुख में मेरे साथ खड़े थे बाहें डाले 
दुख आने पे अक्सर साथ बिखर जाता है 

कुछ बातें कुछ यादें दिल में रह जाती हैं 
कैसे भी बीते ये वक़्त गुज़र जाता है 

माना रोने से कुछ बात नहीं बनती पर 
रोने से कुछ दिल का बोझ उतर जाता है ! …… दिगंबर नासवा

Tuesday, February 25, 2014

"निराला" ................स्नेह-निर्झर बह गया है !

स्नेह-निर्झर बह गया है !
रेत ज्यों तन रह गया है ।

आम की यह डाल जो सूखी दिखी,
कह रही है-"अब यहाँ पिक या शिखी
नहीं आते; पंक्ति मैं वह हूँ लिखी
नहीं जिसका अर्थ-
जीवन दह गया है ।"

"दिये हैं मैने जगत को फूल-फल,
किया है अपनी प्रतिभा से चकित-चल;
पर अनश्वर था सकल पल्लवित पल--
ठाट जीवन का वही
जो ढह गया है ।"

अब नहीं आती पुलिन पर प्रियतमा,
श्याम तृण पर बैठने को निरुपमा ।
बह रही है हृदय पर केवल अमा;
मै अलक्षित हूँ; यही
कवि कह गया है । 
                             ..... निराला 

Friday, February 21, 2014

गुलज़ार ..... पतझड़ में जब

पतझड़ में जब
पत्ते गिरने लगते हैं 
क्या कहते होंगे शाखों से?
कहते होंगे न,
हम तो अपना मौसम जी कर जाते हैं

तुम खुश रहना..
तुमको तो हर मौसम की
औलादें पाल के रुखसत करनी होंगी

शाख की बारी आई थी
जब कटने की
तो पेड़ से बोली
तुमको मेरी उम्र लगे
तुमको तो बढ़ना है
उंचा होना है
दूसरी आ जायेगी
मुझको याद न रखना

पेड़ ज़मीन से क्या कहता?
जब खोद खोद कर
उसके जड़ों के टांकें तोड़े
और उसको ज़मीन से अलग किया
उलटा ज़मीन को कहना पड़ा
याद है एक छोटे से बीज से
तुमने झाँक कर देखा था
जब पहली पत्ती आई थी
फिर आना
और मेरी कोख से
पैदा होना
अगर मैं बची रही
अगर मैं बची रही
                ....गुलज़ार 

Sunday, February 16, 2014

सतीश सक्सेना ........ जब देखोगे खाली कुर्सी, पापा याद बड़े आयेंगे

चले गए वे अपने घर से 
पर मन से वे दूर नहीं हैं 
चले गए वे इस जीवन से  
लेकिन लगते दूर नहीं हैं !
अब न सुनोगे  वे आवाजें, जब वे दफ्तर से आयेंगे  !
मगर याद करने पर उनको,कंधे  हाथ रखे पाएंगे !

अब न मिलेगी पुच्ची वैसी 
पर स्पर्श  तो बाकी होगा ! 
अब न मिलेगी उनकी आहट 
पर अहसास तो बाकी होगा
कितने ताकतवर लगते थे,वे कठिनाई के मौकों पर !
जब जब याद करेंगे दिलसे , हँसते हुए, खड़े पाएंगे !

अपने कष्ट नही कह पाये
जब जब वे बीमार पड़े थे 
हाथ नहीं फैलाया आगे 
स्वाभिमान के धनी बड़े थे
पाई पाई बचा के कैसे, घर की दीवारें  बनवाई !
जब देखेंगे  खाली कुर्सी, पापा  याद बड़े आयेंगे !

अब तो उनके बचे काम को 
श्रद्धा  से  पूरे  कर  लेना !
उनके दायित्वों को ही बस 
मान सहित पूरे कर लेना !
चले गए वे बिना बताये पर हमको आभास रहेगा    
दुःख में हमें सहारा देने , पापा पास खड़े पाएंगे !

तिनका तिनका जोड़ उन्होंने 
इस घर का निर्माण किया था !
बड़ी शान से, हम बच्चों  को 
पढ़ा लिखा कर,बड़ा किया था !
उनकी बगिया को महकाकर,यादें खुशबूदार रखेंगे !  
हमें पता है हर सुख दुःख में,पापा पास खड़े पाएंगे ! ....... सतीश सक्सेना

Saturday, February 15, 2014

मिर्ज़ा ग़ालिब ...... जा़हिर है तेरा हाल सब उन पर

घर जब बना लिया तिरे दर पर, कहे बिग़ैर
जानेगा अब तू न मिरा घर कहे बिग़ैर

कहते हैं, जब रही न मुझे ताक़ते सुख़न       
जानूं किसी के दिल की मैं क्योंकर, कहे बिगै़र

काम उससे आ पड़ा है, कि जिस का जहान में
लेवे न कोई नाम, सितमगर कहे बिग़ैर 

जी ही में कुछ नहीं है हमारे वगरना हम
सर जाये या रहे, न रहें पर कहे बिगै़र   

छोड़ूंगा मैं न, उस बूते- काफ़िर का पूजना
छोड़े न खल्क़ गो मुझे काफिर कहे बिगैर

मक़सद है नाजो़-गम्जा, वले गुफ्तगू में, काम
चलता नहीं है दश्न-ओ-खंजर कहे बिग़ैर

हरचंद, हो मुशाहिद-ए-हक़  की गुफ़्तुगू
बनती नहीं है, बादा-ओ-सागर कहे बिगैर

बहरा हूं मैं, तो चाहिए दूना हो इल्तिफ़ात  
सुनता नहीं हूं बात, मुकर्रर  कहे बिग़ैर

‘ग़ालिब’, न कर हुजूर में तू बार-बार अर्ज़
जा़हिर है तेरा हाल सब उन पर, कहे बिग़ैर  ....... मिर्ज़ा ग़ालिब

Thursday, February 13, 2014

मुकेश कुमार सिन्हा ....... सिर्फ जिया जाता है प्यार!!!

न आसमान को मुट्ठी में,
कैद करने की थी ख्वाइश,
और न, चाँद-तारे तोड़ने की चाहत!
कोशिश थी तो बस,
इतना तो पता चले की,
क्या है?
अपने अहसास की ताकत!!

इतना था अरमान!
की गुमनामी की अँधेरे मैं,
प्यार के सागर मैं,
ढूँढू अपनी पहचान!!
इसी सोच के साथ,
मैंने निहारा आसमान!!!

और खोला मन को द्वार!
ताकि कुछ लिख पाऊं,
आखिर क्या है?
ढाई आखर प्यार!!
पर बिखर जाते हैं,
कभी शब्द तो कभी,
मन को पतवार!!!
रह जाती है,
कलम की मुट्ठी खाली हरबार!!!!

फिर आया याद,
खुला मन को द्वार
कि किया नहीं जाता प्यार!!
सिर्फ जिया जाता है प्यार!!!
किसी के नाम के साथ,
किसी कि नाम के खातिर!
प्यार, प्यार और प्यार!!!! 

                       ........ मुकेश कुमार सिन्हा